मेरठ में छात्रा की हत्या मामले में
मेरठ छात्रा हत्याकांड में नया खुलासा
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। टीपी नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा को अगवा कर आरोपी अंकुश ने ईख के खेत में ले जाकर हत्या कर दी थी। अब जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी ने खेत मालिक को फोन कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की थी। पुलिस ने मामले में खेत मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया है।
शादी का दबाव बना रहा था आरोपी
पुलिस जांच के मुताबिक कल्याणपुर गांव निवासी आरोपी अंकुश छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था। वह छात्रा को अगवा कर उकसिया गांव स्थित ईख के खेत में ले गया, जहां उसने शादी करने की जिद की। छात्रा ने जब शादी से इनकार कर दिया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
मोबाइल देखने पर हुआ शक
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने छात्रा का मोबाइल फोन चेक किया था। मोबाइल में किसी दूसरे युवक से बातचीत और संबंध होने के शक में अंकुश बौखला गया। इसी गुस्से में उसने छात्रा की गला दबाकर हत्या कर दी।
खेत मालिक को किया था कॉल
हत्या के बाद आरोपी ने खेत मालिक आदेश को फोन किया था। आरोपी ने कहा था कि “खेत की सफाई करा देना, जो खर्च होगा दे दूंगा।” पुलिस का मानना है कि आरोपी साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि खेत मालिक आदेश ने आरोपी का मोबाइल फोन छिपाने में मदद की थी।
पुलिस ने खेत मालिक को भी किया गिरफ्तार
मामले की जानकारी पुलिस को नहीं देने और आरोपी की मदद करने के आरोप में खेत मालिक आदेश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई। पुलिस अब मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
मंगलवार सुबह छात्रा के पिता और परिवार के सदस्य टीपी नगर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की
अब तक की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य संदिग्ध लोगों के नाम एफआईआर में
शामिल करने की मांग की। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एससी/एसटी एक्ट की धारा बढ़ेगी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर में
एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी।
पुलिस का कहना है कि जांच हर पहलू से की जा रही है और
जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
इलाके में आक्रोश
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय लोग आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
वहीं पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
